कोरबा: जिले में आठ हजार से अधिक अधिकारी-कर्मचारी करायेंगे मतदान
कोरबा : विधानसभा निर्वाचन 2023 अन्तर्गत कोरबा जिले में मतदान हेतु सभी मतदान केन्द्रों में आवश्यक तैयारियॉं पूर्ण कर ली गई है। कोरबा जिले में 1081 मतदान केन्द्र बनाये गये हैं। सभी मतदान केन्द्रों में एक पीठासीन अधिकारी, मतदान दल अधिकारी-1, मतदान दल अधिकारी-2 एवं मतदान दल अधिकारी-3 तथा एक पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है। संवेदनशील तथा अति संवेदनशील मतदान केन्द्रों में अतिरिक्त बल लगाया गया है। इसके अलावा 115 सेक्टर अधिकारी, 52 माइक्रो आब्जर्वर की ड्यूटी लगी है। आपातकालीन स्थितियों के लिए लगभग एक हजार मतदान कर्मियों को रिजर्व में रखा गया है। जिले में आठ हजार से अधिक अधिकारी-कर्मचारी मतदान प्रक्रिया को संपन्न कराने अपनी भूमिका निभायेंगे। मतदान 17 नवंबर को सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक संपन्न होगा। मतदान कर्मियों को सामग्री का वितरण 16 नवंबर को आईटी कालेज झगरहा से किया जायेगा। यहां आवश्यक व्यवस्थाएं भी कर ली गई है।
कोरबा जिला अन्तर्गत पाली-तानाखार, कटघोरा, कोरबा और रामपुर विधानसभा क्षेत्र में 17 नवंबर को मतदान होना है। जिले के विधानसभा वार मतदाताओं की संख्या रामपुर विधानसभा अन्तर्गत पुरूष मतदाता एक लाख आठ हजार 908, महिला मतदाता एक लाख 12 हजार 216 कुल दो लाख 21 हजार 124, कोरबा विधानसभा अन्तर्गत पुरूष मतदाता एक लाख 29 हजार 042, महिला मतदाता एक लाख 26 हजार 777, थर्ड जेंडर 21, कुल मतदाता दो लाख 55 हजार 840, कटघोरा विधानसभा अन्तर्गत पुरूष मतदाता एक लाख आठ हजार 462, महिला मतदाता एक लाख छः हजार 299, थर्ड जेंडर नौ, कुल मतदाता दो लाख 14 हजार 770, पाली-तानाखार विधानसभा अन्तर्गत पुरूष मतदाता एक लाख 13 हजार 428, महिला मतदाता एक लाख 14 हजार नौ सौ पंद्रह, थर्ड जेंडर -8, कुल मतदाता दो लाख 28 हजार 351 है। इस चुनाव में कोरबा जिले में कुल नौ लाख 20 हजार 85 मतदाता अपना वोट डालेंगे।