अडानी ग्रुप के खिलाफ कांग्रेस करेगी आज देशव्यापी आंदोलन, LIC और SBI ऑफिस के सामने धरना प्रदर्शन एवं पैदल मार्च निकाल करेंगी प्रदर्शन।
ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी ने अब मोदी सरकार और अडानी ग्रुप के खिलाफ सड़क पर आंदोलन करने का फैसला किया है। पार्टी ने निर्णय लिया है की 06 फरवरी यानी आज देशभर के जिलों में जीवन बीमा निगम व भारतीय स्टेट बैंक के कार्यालयों के सामने राष्ट्रव्यापी जिला स्तरीय विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इसे लेकर कांग्रेस महासचिव के सी वेणुगोपाल ने सभी प्रदेश कांग्रेस कमेटी को निर्देश दिया है। बता दें कि हिंडेनबर्ग रिपोर्ट को लेकर कांग्रेस अडानी प्रकरण की जांच एक संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) या सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश की देखरेख में कराने की भी मांग कर रही है।
इसी के तहत कोरबा कांग्रेस अध्यक्ष सुरेन्द्र प्रताप जायसवाल एवं सपना चौहान ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि 06 फरवरी 2023 दिन सोमवार को समय दोपहर 1 बजे SBI बैंक टी पी नगर एवं 2 बजे LIC कार्यालय के सामने रामपुर आईटीआई के पास धरना प्रदर्शन एवं पैदल मार्च कर विरोध प्रदर्शन किया जावेगा।
जायसवाल ने बताया कि उक्त विरोध प्रदर्शन केन्द्र में स्थापित भाजपा सरकार द्वारा अडानी समूह में SBI एवं LIC जैसी सरकारी संस्थानों के बेहद जोखिम भरे लेन-देन और निवेश से देशभर में उत्पन्न प्रतिकूल प्रभाव के कारण किया जा रहा है। जिला अध्यक्ष श्रीमती सपना चौहान, कार्यकारी अध्यक्ष सत्येन्द्र वासन, ब्लॉक अध्यक्ष संतोष राठौर, राजेन्द्र तिवारी, दुष्यंत शर्मा, सनीष कुमार, महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती कुसुम द्विवेदी, युवक कांग्रेस अध्यक्ष राकेश पंकज ने जिला कांग्रेस, महिला कांग्रेस, युवक कांग्रेस, ब्लॉक, जोन, वार्ड, बुथ कांग्रेस, पार्षद एवं पार्षद प्रत्याशी सहित कांग्रेस के सभी विभाग प्रकोष्ठ के पदाधिकारी एवं सदस्यों को दोपहर 01 बजे टी पी नगर कांग्रेस कार्यालय पर पहुंचने आग्रह किया है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस कार्यालय से ठीक 01 बजे टी पी नगर SBI बैंक के लिए रवाना होंगे।